श्रीनगर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर ताबड़तोड़ हमले किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान धर्म आधारित राजनीति से भाजपा, उसके नेताओं व मंत्रियों के साथ उद्योगपति दोस्तों का विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री को चुनाव के मौके पर बदरीनाथ और केदारनाथ याद आते हैं। जनता को सोचना होगा कि उसके सपने साकार कैसे हों। समय आ गया है कि प्रदेश की राजनीति बदलकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंका जाए। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बननी चाहिए।

प्रियंका गांधी ने शनिवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उत्तराखंड के खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर में जनसभाएं की। शनिवार शाम चुनाव प्रचार खत्म होने की समयसीमा से कुछ पहले ही श्रीनगर पहुंची प्रियंका गांधी ने अपना संबोधन तो संक्षिप्त रखा, लेकिन भाजपा पर बेहद तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार चाहे केंद्र में हो या राज्यों में, केवल अमीरों के लिए चलती हैं। प्रधानमंत्री अपने उद्योगपति मित्रों को खुश करने का काम करते हैं। जनता की परेशानी को न समझा है और न ही कोई सुनवाई है। बीएचईएल, रेलवे जैसी सरकारी सरकारी संस्थाएं बिक गई हैं या बेची जा रही हैं। देश के सारे बंदरगाह, हवाई अड्डे समेत तमाम संपत्ति दो उद्योगपतियों को सौंपी जा रही हैं। केंद्र सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य का बजट बढ़ाना जरूरी नहीं समझा।

भाजपा ने मुख्यमंत्री बदले, नहीं दे सके स्थिर सरकार

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जनता को आंख खोलनी होगी। समझना होगा कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्हें असुरक्षित महसूस कराया जा रहा है। प्रदेश में भाजपा ने मुख्यमंत्री बदले। राज्य को स्थिर सरकार नहीं दी जा सकी है। इनमें महंगाई और रोजगार देने की हिम्मत नहीं है। प्रियंका ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र से आई हैं। वहां सड़कों पर गड्ढे पड़े हैं। अब चूडिय़ां-बिंदियां और पैसे बांटे जा रहे हैं। सरकार से पूछा जाना चाहिए कि पांच साल में क्या सुविधाएं दी गईं। चुनाव के मौके पर नई-नई योजनाएं लाई जा रही हैं।

जनता के साथ जो हुआ, उसे न भूलें

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता को एक राशन के पोटले पर निर्भर बना दिया गया है। कोरोना काल में लाकडाउन के दौरान गरीबों को मुफ्त यात्रा को लेकर संसद में कहा गया कि कांग्रेस ने पाप किया है। लाकडाउन में गरीबों को भगवान के भरोसे छोडऩे वाले बताएं कि पाप हमने किया या उन्होंने किया। उन्होंने जनता से कहा कि जो उनके साथ हुआ, उसे मत भूलें। अगर भूल गए तो किसी राजनीतिक दल को कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन आपको हो जाएगा।

परंपराओं, मंदिरों व धामों से नहीं होगी छेड़छाड़

प्रदेश में भाजपा के स्टार प्रचारकों को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस की स्टार प्रचारक ने कहा कि चुनाव के दौरान सब कतार लगाकर उत्तराखंड आ गए हैं। जब लाकडाउन की वजह से दुकानें, व्यापार बंद हो रहा था तो ये लोग कहां थे। प्रधानमंत्री कहां थे। जनता को भाजपा सरकार को उसकी गलती बतानी होगी। उन्हें जवाबदेह बनाएं। उन्हें सुधारना जनता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि आपकी सेवा करेगी। प्रदेश की परंपराओं, मंदिरों, धामों और शक्ति पीठ से छेड़छाड़ नहीं होगी। रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरा जाएगा। रसोई गैस सिलिंडर के दाम 500 रुपये से ज्यादा बढऩे नहीं देंगे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव समेत कई नेता मौजूद थे।