नकुड़ में दो मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा, पुलिस ने चंद घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
महादेव मंदिर से चोरी हुई कटिंग मशीन और शिव मंदिर के दानपात्र से निकाले गए 660 रुपये बरामद, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे
नकुड़, 23 अक्टूबर (इंद्रेश)। नगर में गुरुवार को दो मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को तहसील के पास स्थित शिव मंदिर और महादेव मंदिर में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
निर्माणाधीन कॉलोनी से पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान नया गांव रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी से मोनू पुत्र महेंद्र निवासी मोहल्ला सुजादपुरा को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से महादेव मंदिर से चोरी की गई कटिंग मशीन बरामद हुई।
वहीं, तहसील के पास स्थित शिव मंदिर से दानपात्र चोरी होने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी सुमित उर्फ मीचू को गिरफ्तार किया।
दानपात्र से रुपये निकालकर तालाब में फेंका
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सुमित ने बताया कि उसने मंदिर से चोरी किए गए दानपात्र में रखी नकदी निकाल ली थी और इसके बाद दानपात्र को मोहल्ले में स्थित तालाब के गहरे पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दानपात्र से चोरी किए गए 660 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी सुमित के खिलाफ पहले से ही विभिन्न मामलों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
नगर में दो मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का चंद घंटों में खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।

