सहारनपुर में दिव्यांग युवक पर जमीन विवाद को लेकर हमला, FIR दर्ज
देवबंद: सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के फुलासी गांव में एक दिव्यांग युवक के साथ जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंगों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
जितेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता राकेश कुमार के नाम पर गांव में करीब 12 बीघा जमीन है, जिस पर गांव के मनव्वर हसन, सनव्वर हसन, जीशान, फरमान और गुलबहार ने अवैध कब्जा कर रखा है। जितेंद्र और उसके पिता ने कई बार आरोपियों से जमीन खाली करने की मांग की, लेकिन आरोपियों ने उनकी बातों को नजरअंदाज किया।
12 नवंबर को सुबह करीब 10:40 बजे, जितेंद्र अपने घर में था, तभी सभी पांच आरोपी एक साथ उसके घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उसे पीटा और उसकी गर्भवती पत्नी के साथ भी अभद्रता की। पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से बचाया।
जितेंद्र ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने पुलिस से अपनी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देवबंद पुलिस ने जितेंद्र की तहरीर पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पढ़ी गई 6 बार
