हरियाणा के 9 शहरों की वायु गुणवत्ता चिंताजनक, पंचगांव सबसे प्रदूषित
हरियाणा में मौसम और प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। राज्य में रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिसमें पंचकूला में सबसे कम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चार अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। दिन के तापमान में गर्मी बनी हुई है, सिरसा में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पंचकूला में यह 27.3 डिग्री रहा।
प्रदूषण के मामले में हरियाणा की स्थिति चिंताजनक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, देश के 286 शहरों में हरियाणा का पंचगांव 388 AQI के साथ सबसे प्रदूषित शहर बना है। इसके अलावा, दिल्ली का AQI 350 दर्ज किया गया। पंचकूला को छोड़कर, हरियाणा के 25 मॉनिटरिंग शहरों में से 9 शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में है, जबकि 14 शहरों की हवा खराब श्रेणी में रही। कुल मिलाकर, 23 शहरों में प्रदूषण का स्तर 200 से ऊपर दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से प्रदेश में मौसम खुश्क बना हुआ है। हालांकि, 13 से 15 नवंबर के बीच हवाओं की दिशा में बदलाव और आंशिक बादलवाही से स्मॉग में कुछ सुधार की संभावना है। तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन रात का औसत तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। दिन के तापमान में भी औसतन 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में पुरवाई हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
पढ़ी गई 4 बार
