दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का सितम, 30 से अधिक इलाकों में ‘गंभीर’ हालात

दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का सितम, 30 से अधिक इलाकों में ‘गंभीर’ हालात

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सर्दी बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। राजधानी की हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 6 बजे दिल्ली के 25 से अधिक इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब स्थिति रही, जहां AQI बढ़कर 487 तक पहुंच गया। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 15 नवंबर को तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, 16 से 19 नवंबर के बीच रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। इस दौरान नमी का स्तर 53 से 100 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

शुक्रवार को राजधानी में आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय बादलों की संख्या बढ़ सकती है। सुबह के वक्त ज्यादातर इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

IMD के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के दौरान पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली के इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण

CPCB के रियल टाइम आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6 बजे दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। आईआईटी दिल्ली 487 के साथ सबसे प्रदूषित रहा। इसके अलावा चांदनी चौक और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में भी AQI 476 दर्ज किया गया।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI:

इलाका AQI
आईआईटी दिल्ली 487
चांदनी चौक 476
नॉर्थ कैंपस, DU 476
पूसा 468
NSUT जाफरपुर 461
पंजाबी बाग 456
CRRI मथुरा रोड 455
ITO 453
JNU 451
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 450
NIH नरेला 446
DTU 444
तालकटोरा गार्डन 436
आया नगर 433
मुंडका 433
जहांगीरपुरी 427
वजीरपुर 425
विवेक विहार 424
आनंद विहार 417
नेहरू नगर 412
बवाना 411
रोहिणी 411
सोनिया विहार 409
अशोक विहार 403
IGI एयरपोर्ट T3 402
बदरपुर 401

नोएडा और गाजियाबाद में भी बिगड़ी हवा

दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के दूसरे शहरों में भी प्रदूषण का असर दिखाई दे रहा है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 472 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-116 में यह 410 रहा। गुरुग्राम के ग्वाल पहाड़ी इलाके में AQI 445 तक पहुंच गया।

गाजियाबाद के वेव सिटी और वसुंधरा में AQI 405, जबकि संजय नगर में 404 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के छावनी क्षेत्र में AQI 161 रहा।

सांस के मरीजों के लिए बढ़ी परेशानी

प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचने से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में प्रदूषण अधिक होने के दौरान बाहर की गतिविधियां सीमित रखना, सुबह की सैर से बचना और जरूरत पड़ने पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।

पढ़ी गई 5 बार

Leave a Reply