छठ महापर्व के शुभारंभ पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन
नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को पहले दिन नहाय-खाय के साथ छठ पूजा के पावन अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मध्य प्रदेश व राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने छठी मइया और भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।
पीएम मोदी ने व्रतियों को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”
राजनाथ सिंह ने बताया आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ पर्व के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ शुरू हो रहा है।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह पर्व भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम प्रतीक है। उन्होंने सभी व्रतियों को नमन करते हुए कामना की कि छठी मैया और सूर्यदेव की कृपा से लोगों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे तथा सभी की मनोकामनाएं पूरी हों।
दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट तैयार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी नहाय-खाय की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार राजधानी में छठ महापर्व और भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे सुंदर छठ घाट तैयार किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ छठी मइया की पूजा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने छठी मइया से हर परिवार पर कृपा बनाए रखने और सभी के घरों में सुख, शांति व समृद्धि आने की प्रार्थना की।
मोहन यादव और भजनलाल शर्मा ने भी दी बधाई
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। छठी मइया और भगवान सूर्यदेव की कृपा सभी नागरिकों पर बनी रहे तथा हर परिवार में आरोग्य, खुशहाली और मंगल का वास हो।
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भास्कर और छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करने की प्रार्थना की।
पढ़ी गई 7 बार
