शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में ‘नवम’ दीक्षांत समारोह की तैयारियाँ जोर-शोर से जारी
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में आगामी 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाले ‘नवम’ दीक्षांत समारोह को भव्य, गरिमामय एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है। इस गरिमामय अवसर पर पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी), स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 825 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी। जहां पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) में 61% छात्र एवं 39% छात्राओं, स्नातक पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण 75% छात्र एवं 25% छात्राओं एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण 52% छात्र एवं 48% छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी। वहीं, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 147 मेधावी विद्यार्थियों को पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर की साज-सज्जा, मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, उपाधियों एवं स्वर्ण पदकों के वितरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समारोह को लेकर विभिन्न तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाया जा सके।
शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि समारोह में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं अतिथियों को एक गरिमामय और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी विद्यालयों, विभागों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से आयोजन की तैयारियाँ निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह की सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से भी समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया।

विश्वविद्यालय परिवार इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। ‘नवम’ दीक्षांत समारोह न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का अवसर होगा, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन एवं उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को विश्वास है कि सभी के सहयोग से यह समारोह गरिमामय, सफल एवं यादगार सिद्ध होगा।
इस अवसर पर संस्था के केयर टेकर सूफ़ी ज़हीर अख्तर जी, डॉ. राजीव कुमार उपाध्याय एवं मीडिया के प्रतिनिधियों सहित विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. बलराम टाँक उपस्थित रहे।
