नागल में स्नातक सीट पर 53.62 और शिक्षक सीट पर 75.93 प्रतिशत मतदान, मतदाताओं में दिखी बेरुखी

नागल में स्नातक सीट पर 53.62 और शिक्षक सीट पर 75.93 प्रतिशत मतदान, मतदाताओं में दिखी बेरुखी
नागल में एमएलसी चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे मतदाता।

कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, स्नातक के 871 में से 467 और शिक्षक सीट के 216 में से 164 मतदाताओं ने डाले वोट

नागल। विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक सीट के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में नागल विकासखंड के मतदाताओं में खास उत्साह देखने को नहीं मिला। पुलिस-प्रशासन की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद स्नातक सीट पर 53.62 प्रतिशत और शिक्षक सीट पर 75.93 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विकासखंड नागल में स्नातक सीट के लिए कुल 871 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 467 मतदाता ही मतदान करने पहुंचे, जबकि 404 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। वहीं, शिक्षक सीट पर कुल 216 मतदाताओं में से 164 ने वोट डाले, जबकि 52 मतदाता मतदान से दूर रहे।

पिछले चुनावों के मुकाबले मतदाता संख्या में भी गिरावट

स्थानीय स्तर पर इस बार एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी अपेक्षाकृत कम देखने को मिली। पिछले चुनावों की तुलना में मतदाता बनाने के अभियान में भी पहले जैसा उत्साह नजर नहीं आया। इसके चलते विकासखंड में जहां पूर्व में हजारों की संख्या में मतदाता बनाए जाते थे, वहीं इस बार मतदाताओं की संख्या सैकड़ों तक सीमित रह गई।

पंजीकृत मतदाताओं में भी मतदान को लेकर अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दिया। विशेष रूप से स्नातक सीट पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचने से मतदान प्रतिशत कम रहा।

नागल में मतदान की स्थिति

सीट कुल मतदाता पड़े वोट मतदान प्रतिशत
स्नातक 871 467 53.62%
शिक्षक 216 164 75.93%
कुल 1087 631 58.05%

हालांकि, मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply