बेहट में पटाखा फैक्ट्री का एसडीएम-सीओ ने किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कपिल फायर वर्क्स में लाइसेंस, विस्फोटकों के भंडारण और अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच, अवैध पटाखा निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश
बेहट। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए प्रशासन ने पटाखा निर्माण और भंडारण इकाइयों की निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम बेहट सुबोध कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी शशि प्रकाश शर्मा ने ग्राम पूजनेकी स्थित कपिल फायर वर्क्स की पटाखा विनिर्माण इकाई का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस से लेकर विस्फोटकों के भंडारण तक की जांच
निरीक्षण के दौरान एसडीएम और सीओ ने पटाखा निर्माण इकाई में लाइसेंस की वैधता, उसमें उल्लिखित शर्तों के अनुपालन, विस्फोटक पदार्थों के सुरक्षित निर्माण एवं भंडारण तथा अग्निसुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
अधिकारियों ने इकाई संचालक को निर्देश दिए कि पटाखों के निर्माण और भंडारण में निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों की संख्या और उनकी कार्य व्यवस्था भी सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण पर रहेगी पैनी नजर
एसडीएम सुबोध कुमार ने तहसील क्षेत्र के समस्त थानाध्यक्षों और अग्निशमन एवं अग्निसुरक्षा अधिकारी बेहट को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखें। कहीं भी अवैध रूप से पटाखों के निर्माण अथवा भंडारण की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। लाइसेंस की शर्तों अथवा प्रचलित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित स्थानों पर ही होगी पटाखों की बिक्री
एसडीएम ने निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अनुमन्य स्थलों पर ही की जाए। बिक्री स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ सभी आवश्यक अग्निसुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
