एक नवंबर को पाइनवुड स्कूल में लगेगा वृहद विधिक सेवा शिविर, एक ही स्थान पर मिलेगा कई सरकारी योजनाओं का लाभ

एक नवंबर को पाइनवुड स्कूल में लगेगा वृहद विधिक सेवा शिविर, एक ही स्थान पर मिलेगा कई सरकारी योजनाओं का लाभ
दीवानी कचहरी स्थित सभाकक्ष में वृहद विधिक सेवा सहायता शिविर की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते अपर जिला जज विकास गुप्ता एवं अन्य अधिकारी।

आधार कार्ड बनाने से लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच तक की मिलेगी सुविधा, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश

सहारनपुर। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आगामी एक नवंबर को पाइनवुड स्कूल में वृहद विधिक सेवा सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा आधार कार्ड बनाने, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और पौधों के वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।

शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को दीवानी कचहरी स्थित सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अपर जिला जज एवं शिविर के नोडल अधिकारी विकास गुप्ता, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पप्पू कुमार सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव आशुतोष तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इन सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

अपर जिला जज विकास गुप्ता ने बताया कि शिविर में पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, एसिड हमले के पीड़ितों को विधिक सहायता, वरिष्ठ नागरिकों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

शिविर में पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना, शादी अनुदान, चिकित्सा सहायता और पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

बीपी, शुगर और टीबी की होगी निःशुल्क जांच

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी। इसमें बीपी, शुगर, टीबी और आंखों की निःशुल्क जांच के साथ एक्सरे की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वहीं, वन विभाग की ओर से लोगों को पौधों का वितरण किया जाएगा।

विभिन्न सरकारी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देंगे। साथ ही पात्र व्यक्तियों के आवेदन संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराकर उन्हें मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

शिविर से पहले लाभार्थियों को चिह्नित करने के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर के आयोजन से पहले पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी सूची तैयार कर ली जाए। साथ ही आवेदन से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कराई जाएं, ताकि शिविर में आने वाले अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी धीरेन्द्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डीपी सिंह, दिव्यांगजन अधिकारी अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply