विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा

विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा
विधान परिषद निर्वाचन-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जेवी जैन इंटर कॉलेज का निरीक्षण करते मंडलायुक्त, डीएम, एसएसपी एवं अन्य अधिकारी।

सहारनपुर। विधान परिषद निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र प्रताप सिंह ने सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित जेवी जैन इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने निर्वाचन संबंधी दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करें। निर्वाचन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सभी आवश्यक प्रबंधों को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।

कानून-व्यवस्था और यातायात पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान निर्वाचन के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में सतर्क रहने तथा किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे विधान परिषद निर्वाचन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply