शाकम्भरी देवी आश्रम के शंकराचार्य ने किया पौधारोपण
सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर श्री शंकराचार्य आश्रम के सिद्ध भैरव तंत्राचार्य एवं परम पूज्य श्रीमहंत सहजानंद ब्रह्मचारी जी महाराज ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं एवं उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
महाराज जी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं तथा प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना केवल एक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
