आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी पर ओवैसी बोले- ‘इन लड़कों को…’

आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी पर ओवैसी बोले- ‘इन लड़कों को…’
asaduddin-owaisi

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी है. इस दौरान उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की जगह के तौर पर डी-नोटिफाई किए जाने को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा. वहीं एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करने को लेकर ओवैसी ने कहा कि इसका एकमात्र मकसद यह बताना है कि चुनाव आयोग को कानूनी तौर पर एक सामूहिक निकाय के रूप में काम करना होता है, फिर भी यह स्पष्ट नहीं है कि लिए गए फैसले सर्वसम्मत थे या कोई असहमति थी.

उन्होंने बताया, ‘हमने समीक्षा याचिका इसलिए भी दायर की क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने पहले की याचिका खारिज कर दी थी. हम चुनाव आयोग की ओर से जारी रजिस्ट्रेशन फॉर्म में किए गए बदलावों को समझ नहीं पा रहे हैं और हमारे पास इसके बारे में जरूरी जानकारी नहीं है. ये सभी मुद्दे उस डिटेल याचिका में शामिल हैं जो हमने जमा की है.’

सौरव दास और आशुतोष रांका पर ओवैसी का रिएक्शन

जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की जगह के तौर पर डी-नोटिफाई किए जाने और सीजेपी के सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर उन्होंने कहा, ‘सवाल ये है कि सरकार किसी के भी विरोध-प्रदर्शन करने के खिलाफ क्यों है? सुप्रीम कोर्ट ने विरोध करने के अधिकार को बरकरार रखा है, इसलिए जब तक हिंसा न हो, विरोध-प्रदर्शन की इजाजत होनी चाहिए. आज इन लड़कों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करना बिल्कुल भी जरूरी नहीं था. उन्हें आसानी से जमानत दी जा सकती थी या नोटिस दिया जा सकता था, क्योंकि एक लड़के को रिहा कर दिया गया है तो फिर बाकी दो को न्यायिक हिरासत में क्यों भेजा गया है?’

यूपी गठबंधन करने को लेकर ओवैसी का बयान

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी कहा, ‘हमारा कहना है कि अगर आप योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से रोकना चाहते हैं तो आइए बात करें. हम भी उन्हें रोकना चाहते हैं. हम गठबंधन करेंगे. आज भी हम गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि यह पक्का किया जा सके कि BJP उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार न बना पाए.’

 

Leave a Reply