‘पीएम मोदी एक…’, सौरव-आशुतोष की हिरासत के बाद दीपके का बड़ा हमला
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार (14 अक्टूबर, 2026) को सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने पीएम मोदी को एक डरपोक तानाशाह करार देते हुए सवाल किया कि इस देश में तिरंगा फहराना अपराध कब से हो गया है.
महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंचने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, ‘मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि आप एक डरपोक तानाशाह हो और कुछ नहीं हो. इस देश में तिरंगा लहराना क्या अपराध है? आशुतोष और सौरभ को पांच दिन के लिए जेल में भेजा गया है क्यों? क्योंकि उन्होंने जंतर मंतर पर जाकर तिरंगा लहराया. यह एक तानाशाही का निशानी है.
नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कहलाने लायक नहीं – अभिजीत
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, ‘ऐसा आखिरी बार तब हुआ था, जब हम पर अंग्रेजों का राज था. जब अंग्रेज राज कर रहे थे, तब जो भी फ्रीडम फाइटर्स थे पब्लिक प्लेस में तिरंगा लहराते थे, वो उनको गिरफ्तार कर लेते थे और उनको जेल में बंद कर देते थे. नरेंद्र मोदी भी कुछ वैसा ही कर रहे हैं. नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री तो कहलाने के लायक नहीं है, वो एक डरपोक तानाशाह है.’
उन्होंने कहा कि तिरंगा लहराना इस देश में गलत काम है. अगर इंडिया में तिरंगा नहीं लहराएगा, तो क्या लहराएगा? पाकिस्तान का झंडा लहराएगा.
मुझे देश की चिंता है- अभिजीत दीपके
वहीं, दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर में मीडिया से कहा, ‘मुझे देश की चिंता है. देश के संविधान के लिए चिंता है और उन सभी लोगों के लिए भी चिंता है, जो लोकतंत्र और नागरिकों के वोट करने के अधिकारों को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जो हमें संविधान दिया है, उसे हम बचाकर रहेंगे. इस देश का नागरिक होने के नाते ये हमारा कर्तव्य है कि हम अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं और संघर्ष करें.’
