रालोद कार्यकर्ताओं ने केके काटकर मनाया चौ. अजित सिंह का जन्मदिवस

रालोद कार्यकर्ताओं ने केके काटकर मनाया चौ. अजित सिंह का जन्मदिवस
  • सहारनपुर में चौ. अजित सिंह का जन्मदिवस मनाते रालोद कार्यकर्ता।

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने रालोद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. अजीत सिंह का 85वां जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया तथा चौ. अजित सिंह के सिद्धांतों व आदर्शों का अनुसरण करते हुए रालोद को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय कोर्ट रोड स्थित रालोद जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं द्वारा चौ. अजित सिंह चित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा गया।

तत्पश्चात विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए रालोद के प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह व जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम ने कहा कि चौ. अजित सिंह ने जीवनपर्यंत किसान, मजदूर, गांव-गरीब, देहात के उत्थान हेतु कार्य किया और किसानों के मसीहा चौ. चरणसिंह के आदर्शों का अनुसरण करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह ने 1989 में वीपी सिंह मंत्रिमंडल में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के पद पर रहते हुए चीनी मिलों की दूरी घटाकर 44 नई मिलें स्थापित कराकर गन्ना किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया। इसी तरह कृषि मंत्री रहते हुए क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दर कम कराने के साथ ही गेंहू व चीनी के आयात पर रोक लगवाई तथा गन्ने के रस से इथेनाल बनाने का फार्मूला भी ब्राजील से चौ. अजित सिंह ही लाए थे।

महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान ने कहा कि चौ. अजित सिंह ने हरिद्वार से देवबंद होते हुए जनपद सहारनपुर के कुआखेड़ा तक 55 किलोमीटर लम्बी लिंक चैनल नहर का निर्माण कराया जिससे किसानों को गिरते हुए भूजल स्तर एवं सिंचाई की सुविधा प्राप्त हो सकी थी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री रहते हुए चौ. अजित सिंह ने भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन कराकर किसानों को शहरी क्षेत्र में दोगुणा और ग्रामीण क्षेत्रों में चार गुणा सर्किल रेट का मुआवजा दिलाने का काम किया।

इस दौरान क्षेत्रीय महासचिव रमेश चौहान, महावीर सैनी एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष गजेंद्र चौधरी, चौ. यशवीर सिंह, अशोक चौधरी, सतपाल कालड़ा, प्रीतम सिंह सैनी, अनुज वर्मा, सुनील कोरी, मूलचंद रांघड़, कुलवीर सिंह, विनोद चौधरी, राव शहजाद आदि मौजूद रहे। उधर राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह के नेतृत्व में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. अजित सिंह का जन्मदिवस मनाया गया। इस दौरान चौ. अर्जुन सिंह, अरविंद मलिक, रिंकू सोनकर, राजदीप ढाका, सतीश चौधरी, नरेंद्र सिरोही, मौ. आरिफ, कमल सोनकर आदि मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे