CM योगी ने किया कन्या पूजन, बोले- ‘सिद्धियों को प्रदान करने वाला है मां का नवम स्वरूप’

CM योगी ने किया कन्या पूजन, बोले- ‘सिद्धियों को प्रदान करने वाला है मां का नवम स्वरूप’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के महानवमी के अवसर पर कन्या पूजन किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज शारदीय नवरात्रि की नवमीं तिथि है. मां का नवम स्वरूप सभी प्रकार की सिद्धियों को प्रदान करने वाला है. इस परंपरा के प्रति हर सनातन धर्मी मातृ शक्ति के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त करने के लिए जुड़ा हुआ है. मेरा सौभाग्य है कि गोरखनाथ मंदिर में कुंवारी कन्याओं का पूजन और भोज का सौभाग्य प्राप्त हुआ है.

सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म की परंपरा के अनुरुप चैत्र और शारदीय नवरात्रि में मां के पूजन के साथ हर सनातनी अपनी श्रद्धा अर्पित करता है. दुर्गा पूजा में हर शहर में हजारों दुर्गा पंडाल और पूजन का कार्यक्रम होता है. विंध्याचल पीठ, मां शाकम्भरी पीठ, देवीपाटन पीठ, सीतापुर पीठ धाम में लाखों श्रद्धालुओं की संख्या में श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं.

‘कॉरिडोर बनने के बाद माँ विंध्यवासिनी धाम में बढ़ी भीड़’

सीएम योगी ने कहा कि माँ विंध्यवासिनी धाम में नया कॉरिडोर बनने के उपरांत लाखों की संख्या में श्रद्धालु वहाँ पर आए हुए हैं. कल भी 25 लाख से ऊपर श्रद्धालुओं ने वहाँ दर्शन-पूजन किया. भारत की सनातन परंपरा ने सदैव से नारी के सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यही कारण है कि प्रदेश के अंदर लगभग 45,000 स्थानों पर दुर्गा पूजा के पंडाल लगे हुए हैं.

‘मां भगवती के प्रति हमारे अनुष्ठान ये केवल पूजा तक सीमित नहीं’

उन्होंने कहा कि जगत जननी मां भगवती के प्रति हमारे अनुष्ठान ये केवल पूजा तक सीमित नहीं है. यह व्यावहारिक जीवन में भी शासन के भी और प्रशासन के भी उसका हिस्सा बना हुआ है. सीएम योगी ने कहा कि हमारा मिशन शक्ति का अभियान इसी से अनुप्रेरित भी है. नारी सुरक्षा नारी का सम्मान और नारी का स्वावलंबन इस थीम पर ही आधारित है और इसी थीम को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने इसको पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का काम किया है.

हर थाने के अंदर स्थापित की गई महिला डेस्क- सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के अंदर हर थाने में एक महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, हर एक जगह उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था किया गया है. 1090 विमेन हेल्पलाइन जारी की गई है. हर थाने में भी महिलाओं की सुरक्षा और उनसे संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक अलग कक्ष उन्हें दिया गया जहां महिला बीट पुलिस अधिकारी या सब इंस्पेक्टर रैंक की महिला पुलिस अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान भी कर रहा है.

उन्होंने कहा कि भारतीय नारी आज हर एक क्षेत्र में प्रगति की एक नई सोपान को छू रही है. उन्हें हर प्रकार से आज व्यवस्था का हिस्सा बना करके सम्मान प्राप्त हो रहा है. और इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए बेटी के लिए उचित माहौल पैदा हो, शिक्षण-प्रशिक्षण के लिए सरकार ने उसकी भी पुख्ता व्यवस्था की है.

सुरक्षा और समरसता के साथ मनाएं विजयादशमी- सीएम योगी

सीएम ने कहा कि कल विजयादशमी है. रावण पर प्रभु श्रीराम की विजय का उत्सव है पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की गई है. प्रतीक स्वरूप रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले दहन के कार्यक्रम होंगे. इसके साथ ही प्रदेशवासियों से अपील है कि इसे सुरक्षा और समरसता के साथ मनाएं. विजयादशमी सभी प्रकार की बुरी आदतों को छोड़कर देश की समृद्धि के साथ समाज को तोड़ने वाले तत्वों और अराजक लोगो को बेनकाब और एकता का संदेश देने का पर्व है.

Leave a Reply