ओवैसी ने अखिलेश को निशाने पर लिया, आजम खान के लिए मांगी दुआ, बोले- ‘हम अल्लाह से…’

ओवैसी ने अखिलेश को निशाने पर लिया, आजम खान के लिए मांगी दुआ, बोले- ‘हम अल्लाह से…’

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर के टांडा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुस्लिम समाज के राजनीतिक नेतृत्व और भागीदारी का मुद्दा उठाया. उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम युवाओं में भी नेतृत्व करने की पूरी काबिलियत है, लेकिन उन्हें पर्याप्त राजनीतिक मंच नहीं दिया जाता. ओवैसी ने कहा कि AIMIM मुस्लिम युवाओं को आगे बढ़ाकर उन्हें नेता बनाने का काम कर रही है.

ओवैसी ने अपने संबोधन में कहा, “अब्दुल दरी बिछाने के लिए पैदा नहीं हुआ है. अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा बल्कि नेता बनेगा, विधायक बनेगा और सांसद बनेगा.” उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के नौजवानों और बेटियों को राजनीति में आगे आने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे देश का नेतृत्व कर सकें और वंचित समुदायों को इंसाफ दिलाने की आवाज उठा सकें.

AIMIM प्रमुख ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल मुस्लिम समाज को केवल अपने कार्यक्रमों तक सीमित रखना चाहते हैं और उसे स्वतंत्र नेतृत्व के रूप में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को अपना राजनीतिक नेतृत्व खुद तैयार करना चाहिए. ओवैसी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत एकता से ही राजनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाया जा सकता है.

रामपुर आने पर सवाल उठाने वालों को दिया जवाब

ओवैसी ने रामपुर, मुरादाबाद, मटेरा, आजमगढ़ और सहारनपुर जैसे क्षेत्रों में अपने राजनीतिक दौरों पर सवाल उठाए जाने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विरोधी पूछते हैं कि ओवैसी को रामपुर जाने की क्या जरूरत थी. इसके जवाब में उन्होंने 1952 के पहले लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए मौलाना अबुल कलाम आजाद का जिक्र किया.

ओवैसी ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद भी 1952 में रामपुर से चुनाव लड़ने आए थे और यहां से सांसद बने थे. उन्होंने सवाल किया कि उस समय मौलाना आजाद के रामपुर आने पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए, जबकि आज उनके रामपुर आने पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.

राजनीतिक नेतृत्व में हिस्सेदारी पर जोर

ओवैसी के भाषण का मुख्य केंद्र मुस्लिम समाज के युवाओं को राजनीति में नेतृत्वकारी भूमिका दिलाना रहा. उन्होंने कहा कि समाज के नौजवान और बेटियां केवल दूसरों के पीछे चलने के बजाय खुद नेतृत्व करने के लिए आगे आएं. साथ ही उन्होंने समर्थकों से एकजुट होकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मजलिस का एक सिपाही बनकर एक-एक बूथ के ऊपर एक-एक आदमी, पांच-पांच लोगों को अपना हमनवा बना लें. कामयाबी आपके कदम को चूमेगी.

आजम खान को लेकर क्या कहा

ओवैसी ने कहा कि मेरे अजीज दोस्तों और बुजुर्गों, यकीनन मैं चाहता हूं कि आजम खान साहब की तकलीफें और मुसीबतें खत्म हो जाएं. हम अल्लाह से दुआ भी करते हैं, कि अल्लाह उनकी मुश्किलात में आसानी पैदा कर दे. वहीं पर हम एक साल से फतेहगढ़ जेल में मौलाना तौकीर रज़ा खां हैं. हम अल्लाह से दुआ करते हैं, कि अल्लाह उनकी भी रिहाई जल्द से जल्द करवा दे.

अखिलेश यादव पर जमकर हमला

उन्होंने आगे कहा, “सवाल यह पैदा होता है, जब हम जेल जाते हैं, शिफा-उर-रहमान जेल गए, सफूरा जरगर जेल गईं, इशरत जेल गई, शर्जील इमाम जेल में हैं, मगर क्या आपने देखा. भैया ने रात के 12:00 बजे ‘X’ पर लिखा, “अरे, छुड़ाओ उनको, वो कहां चले गए वो लोग. भैया ने रात के 12:00 बजे ‘X’ पर लिखा कि एक फलां नौजवान लीडर को उठा लिया गया, कहां है? तलाश करो. भैया, आपको याद नहीं आया, अब्दुल?” उन्होंने आगे कहा कि अगर सैफई का कोई यादव जेल में चला जाएगा 6 महीने के लिए, तो भैया लखनऊ में चक्का जाम कर देंगे.

Leave a Reply