सोफिया इंटरनेशनल स्कूल में लगा लाइफ स्किल बाजार, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
विज्ञान, गणित, कला, फैशन डिजाइनिंग और अर्थशास्त्र के मॉडल्स ने किया आकर्षित
नागल। सोफिया इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को लाइफ स्किल बाजार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट्स, मॉडल्स, प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से कौशल आधारित शिक्षा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
लाइफ स्किल बाजार में कला एवं शिल्प, फैशन डिजाइनिंग, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और अर्थशास्त्र से संबंधित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने विज्ञान के प्रयोगों और वर्किंग मॉडल्स के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझाया। वहीं, गणितीय गतिविधियों और सामाजिक विज्ञान के प्रोजेक्ट्स के जरिए विषयों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।
अर्थशास्त्र से संबंधित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली आर्थिक अवधारणाओं की जानकारी दी। बैंकिंग से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बचत, लेन-देन, बजट निर्माण और वित्तीय प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण कुशलताओं को समझाया गया। इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन में उपयोगी कौशलों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक सोच विकसित करने और सीखी गई बातों को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर कोणार्क चौधरी, मनोज अवस्थी, अर्पिता विजन, राजेश कुमार, केशव अग्रवाल, अभिषेक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
