मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को विशेष अभियान, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को विशेष अभियान, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण

एसएएम इंटर कॉलेज और जेवी जैन डिग्री कॉलेज पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश

24 अक्टूबर को भी लगेंगे विशेष कैंप, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

सहारनपुर, 17 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से वंचित नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए शनिवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने एसएएम इंटर कॉलेज और जेवी जैन डिग्री कॉलेज पहुंचकर विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया तथा अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता पंजीकरण संबंधी एप की जानकारी ली और अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे नागरिकों को चिह्नित करें, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हैं और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अभियान का लाभ उठाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

24 अक्टूबर को फिर लगेगा विशेष कैंप

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के अंतर्गत 24 अक्टूबर को भी जनपद के बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी बीएलओ सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सुपरवाइजरों को अभियान की प्रभावी निगरानी करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर सहित संबंधित बूथों के सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply