मिशन शक्ति: इस्लामिया इंटर कॉलेज में सूफिया बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य
छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से की गई अनूठी पहल
देवबंद। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत इस्लामिया इंटर कॉलेज देवबंद में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई। विद्यालय की कक्षा 12-डी की छात्रा सूफिया पुत्री निजामुद्दीन को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया। इस दौरान सूफिया ने विद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने के साथ ही नेतृत्व की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त किया।
एक दिन की प्रधानाचार्य बनीं सूफिया के लिए यह अवसर विशेष अनुभव रहा। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि बेटियां शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक और नेतृत्व की भूमिकाओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य क़ाज़ी औसाफ आलम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है और वे भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के लिए प्रेरित होती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव और नेतृत्व के अवसर भी प्रदान किए जाने चाहिए। विद्यालय की इस पहल को महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया गया।
