मिशन शक्ति के छठे चरण में गुणवत्ता के साथ आयोजित होंगे कार्यक्रम: एडीजी भानु प्रताप सिंह
नकुड़ के एचआईटी में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन, एशियन गेम्स की खिलाड़ी प्राची चौधरी ने विद्यार्थियों से साझा किए अनुभव
नकुड़, 17 अक्टूबर (इद्रेश)। एडीजी जोन भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अभियान के अब तक पांच चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि छठे चरण में और अधिक गुणवत्ता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देना है।
एडीजी भानु प्रताप सिंह शनिवार को सहारनपुर रोड स्थित एचआईटी में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नवरात्र के अवसर पर सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शक्तिपीठों और शिवालयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
प्राची चौधरी ने विद्यार्थियों को दिया आगे बढ़ने का संदेश
कार्यक्रम में एशियन गेम्स में देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी प्राची चौधरी ने भी शिरकत की। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वह अब ओलंपिक की तैयारियों में जुटी हैं। प्राची चौधरी ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पोस्टर वितरित किए गए। इनके माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश दिया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर हरी ग्रुप के अध्यक्ष सुभाष चौधरी, एनपी राठौर, मयंक चौधरी, संजीव चौधरी, संजय चौधरी, बालिस्टर चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

