सहारनपुर में चीनी व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच, नहीं मिली कोई अनियमितता

सहारनपुर में चीनी व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच, नहीं मिली कोई अनियमितता
मोरगंज बाजार में चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर स्टॉक और अभिलेखों का सत्यापन करती संयुक्त विभागीय टीम।

डीएम के निर्देश पर खाद्य विपणन और जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने मोरगंज बाजार में किया सत्यापन

व्यापारियों को चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और मांग के अनुरूप आपूर्ति करने के निर्दे

सहारनपुर, 17 अक्टूबर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर खाद्य विपणन एवं जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को महानगर के मोरगंज बाजार में चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक का आकस्मिक सत्यापन किया। जांच के दौरान व्यापारियों के यहां उपलब्ध चीनी का स्टॉक निर्धारित सीमा के अंतर्गत पाया गया और किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव, जीएसटी विभाग के अधिकारी योगेश कुमार एवं क्षेत्रीय विपणन अधिकारी शैलेश कुमार यादव की संयुक्त टीम ने मोरगंज बाजार में विभिन्न चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मैसर्स सुरेन्द्र कुमार सतेन्द्र कुमार, मैसर्स मंगलम ट्रेडर्स, मैसर्स अरोरामल मदनलाल और मैसर्स विरेन्द्र कुमार एंड सन्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर चीनी के उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन किया।

क्रय-विक्रय बिलों और स्टॉक का किया मिलान

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों के पास उपलब्ध चीनी के भंडारण की जांच करने के साथ ही क्रय स्टॉक के बिलों और विक्रय बिलों में अंकित मूल्यों का भी अवलोकन किया। जांच में सभी व्यापारियों के यहां चीनी का स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर मिला। अभिलेखों के सत्यापन में भी किसी प्रकार का विचलन या अनियमितता संज्ञान में नहीं आई।

मांग के अनुरूप चीनी उपलब्ध कराने के निर्देश

संयुक्त टीम ने सभी व्यापारियों को निर्देशित किया कि बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। साथ ही खुदरा व्यापारियों को उनकी मांग के अनुरूप चीनी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

अधिकारियों ने व्यापारियों से स्टॉक और क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

Leave a Reply