अनुपस्थित बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, दो को नोटिस

अनुपस्थित बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, दो को नोटिस
बेहट विधानसभा क्षेत्र में मतदाता शिविरों का निरीक्षण करते एसडीएम सुबोध कुमार एवं तहसीलदार विजय कुमार।

एसडीएम बेहट ने मतदाता शिविरों का किया औचक निरीक्षण, घर-घर जाकर पात्रों के नाम जोड़ने के दिए निर्देश

मुनादी कराकर लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किया जाएगा जागरूक

बेहट। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नए एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए शनिवार को आयोजित विशेष शिविरों का एसडीएम बेहट सुबोध कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय बेहट के मतदेय स्थल संख्या 122 पर बीएलओ मंजुलता अनुपस्थित मिलीं। इस पर एसडीएम ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, मतदेय स्थल संख्या 120 और 123 पर तैनात दो बीएलओ के देरी से पहुंचने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

शनिवार को एसडीएम सुबोध कुमार और तहसीलदार विजय कुमार ने बेहट विधानसभा क्षेत्र के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय बेहट के पांच तथा जनता इंटर कॉलेज के 14 मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविरों में मतदाता पंजीकरण के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घर-घर जाकर पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित करें, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी मुजफ्फराबाद एवं साढ़ौली कदीम के साथ नगर पंचायत बेहट और छुटमलपुर में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक विशेष अभियान का लाभ उठा सकें।

फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं नाम

एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पहली बार मतदाता बनने वाले युवा और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक अपने संबंधित बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

 

Leave a Reply