कांग्रेस ने 2027 जनगणना को लेकर लगाया बड़ा आरोप, कहा – ‘बहुत बड़ी साजिश…’

कांग्रेस ने 2027 जनगणना को लेकर लगाया बड़ा आरोप, कहा – ‘बहुत बड़ी साजिश…’

कांग्रेस ने शनिवार (17 अक्टूबर) को देश भर में जारी जनगणना 2027 की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और साजिश का आरोप लगाते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला. राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा सरकार ने अब जनगणना 2027 के लिए योग्य गणनाकर्ताओं की सूची का विस्तार कर दिया है और इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है.

इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की जोड़ी की ऐसी नैतिक रूप से बुरी साजिशों की कोई सीमा नहीं है. वहीं, उन्होंने जनगणना 2027 की प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी टिप्पणी की है.

RSS ने जनगणना 2027 के एजेंडे पर ट्रेनिंग कैंप लगाया था- जयराम

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में पोस्ट शेयर कर कहा, ‘मोदी सरकार ने अब जनगणना 2027 के लिए योग्य गणनाकर्ताओं की लिस्ट में विस्तार कर दिया है. इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है. 10 से 12 जुलाई, 2026 के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बेलगाम में अपने कार्यकर्ताओं के लिए जनगणना 2027 के एकमात्र एजेंडे पर एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था.’

उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) की तरफ से 26 मई, 2026 को जनसांख्यिकी बदलावों (Demographic Changes) पर गठित एक हाई-लेवल कमेटी ने देश में जनसांख्यिकी बदलावों को लेकर आम लोगों, भारतीय और विदेशी संगठनों सहित विभिन्न पक्षों से जानकारी मांगी है. इस कमेटी की एकमात्र हाई लेवल बात यह है कि इसके सदस्यों का जुड़ाव RSS के इकोसिस्टम से है. इसलिए हमें पता है कि ये जानकारी कहां से आएगी.’

यह प्रक्रिया RSS–BJP कार्यकर्ताओं के लिए रोजगार गारंटी योजना- जयराम

जयराम रमेश ने कहा, ’16 अक्टूबर, 2026 को जारी जनगणना अधिसूचना को 10-12 जुलाई के RSS ट्रेनिंग कैंप और 14 अक्टूबर को जनसांख्यिकी बदलावों पर बनी कमेटी की तरफ से जानकारी मांगे जाने के संदर्भ में देखा जाना चाहिए.’

उन्होंने कहा, ‘यह तो साफ है कि यह हजारों RSS और BJP कार्यकर्ताओं के लिए रोजगार गारंटी योजना है. इससे पहले से ही प्रभावित जनगणना की निष्पक्षता और ज्यादा प्रभावित होने की पूरी संभावना है. एक और संस्था को बर्बाद किया जा रहा है. एसआईआर की तरह जनगणना के आंकड़ों में भी खतरनाक तरीके से हेरफेर किया जाएगा. प्रधानमंत्री-गृह मंत्री की जोड़ी की ऐसी अनैतिक साजिशों की कोई सीमा नहीं है.’

Leave a Reply