सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 85 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण
आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी: अरविंद कुमार चौहान
भूमि विवादों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारदर्शिता से जांच करने के दिए निर्देश
सहारनपुर, 17 अक्टूबर। तहसील सदर सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से राजस्व विभाग की पांच शिकायतों का मौके पर ही समाधान करा दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सम्पूर्ण समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि विवादों में दोनों पक्षों की मौजूदगी में हो जांच
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि भूमि संबंधी विवादों में जांच अधिकारी यदि मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूर्ण पारदर्शिता के साथ जांच करें तो अधिकांश शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्षता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 85 शिकायतों में सर्वाधिक 66 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा विकास विभाग की तीन, पूर्ति विभाग की तीन, पंचायती राज विभाग की दो, डूडा की तीन, जिला विद्यालय निरीक्षक की एक, सहारनपुर विकास प्राधिकरण की एक, लोक निर्माण विभाग की तीन और नगर निगम की तीन शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने शेष 80 शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारी भी शिकायतों के समाधान में बरतें गंभीरता: एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। शिकायतों की निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ितों को समय से न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर विकास कुमार पांडेय, तहसीलदार सदर गौरव कुमार सहित सभी जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
