सपा सम्मेलन में खाली कुर्सियों पर सियासत, BJP बोली- ‘साथ नहीं जनता…’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र कन्नौज में आयोजित हुए पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियां देख नाराज हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जैसे ही कन्नौज की सपा कार्यकारिणी इकाई को भंग किया तुरंत भाजपा ने इसको सियासत की लड़ाई मे बदल दिया. मंत्री असीम अरुण से लेकर बीजेपी पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा ने निशाना साधा है.
सपा का पीडीए सम्मेलन फ़्लॉप रहने के बाद पूर्व बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक ने मंच से अखिलेश यादव को ललकारते हुए कहा कि वह कन्नौज लोकसभा सीट की किसी विधानसभा से चुनाव लड़कर दिखाए उनको भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी हरा देगा. उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह राजनीति छोड़ देंगे.
सपा के पास जनता का समर्थन नहीं- असीम अरुण
दूसरी तरफ योगी सरकार में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी सपा के पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियों पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के पास जनता का कोई समर्थन नहीं है उनको सिर्फ अपने परिवार का समर्थन है.
सपा ने कन्नौज जिला इकाई को किया भंग
बता दें कि कन्नौज जिले के नसरापुर स्थित सपा कार्यालय में पीडीए सम्मेलन आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. लेकिन, इस सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं दिखाई दी. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली रहने की तस्वीरें सामने आईं. जिसे लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल काफी नाराज दिखाई दिए.
सपा के पीडीए सम्मेलन में लोगों के नहीं आने से नाराज़ श्यामलाल पाल ने कन्नौज जिला कार्यकारिणी के साथ फ्रंटल संगठनों की संबंधित कार्यकारिणी को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया. ये ख़बर जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई बीजेपी को सपा पर निशाना साधने का मौका मिल गया. वहीं चुनाव से पहले इसे सपा के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है.
