विवाहिता ने युवक पर छेड़छाड़ और AI वीडियो बनाकर बदनाम करने का लगाया आरोप
नकुड़, 17 नवंबर (इंद्रेश)। नगर निवासी एक विवाहिता ने एक युवक पर छेड़छाड़ करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति कामकाज के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। आरोप है कि पति की अनुपस्थिति में युवक उसे आते-जाते परेशान करता है और फोन पर भी परेशान करता है। महिला का आरोप है कि युवक ने AI की मदद से उसके फोटो और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए, जिससे उसे बदनाम किया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार, उसने समाज के जिम्मेदार लोगों की मदद से आरोपी को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। आखिरकार महिला ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
