राहुल गांधी का BJP-RSS पर पलटवार, बोले- ‘नफरत के जाल में फंसे लोगों को प्यार का एहसास कराना मेरा कर्तव्य’

राहुल गांधी का BJP-RSS पर पलटवार, बोले- ‘नफरत के जाल में फंसे लोगों को प्यार का एहसास कराना मेरा कर्तव्य’

नई दिल्ली। अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर मचे राजनीतिक विवाद के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर पलटवार किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का ऐसा जाल बुन गया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।

‘सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य’

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बीजेपी और आरएसएस के समर्थक डर, गुस्से और नफरत के जाल में उलझे हुए हैं। यह जाल उन्हें प्यार और अपनापन महसूस करने से रोकता है।

उन्होंने आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्यार और अपनापन की खूबसूरती और खुशी महसूस कर सकें।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट का अंत ‘सत्यम शिवम् सुंदरम्’ लिखकर किया। इसके साथ उन्होंने कर्नाटक के हलेबिडु स्थित होयसलेश्वर मंदिर की एक मूर्ति की तस्वीर भी साझा की। इस मूर्ति में भगवान शिव और देवी पार्वती नंदी पर विराजमान दिखाई दे रहे हैं।

माता-पिता के रिश्ते पर बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, यह पूरा विवाद राहुल गांधी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जो उन्होंने हाल ही में अपनी मां सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में दिया था।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच प्रेम और आपसी संबंधों का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि उनके परिवार में प्यार और अपनापन जाहिर करने का माहौल काफी खुला था।

राहुल ने कहा था कि दोपहर और रात के भोजन के समय उनके पिता मौजूद रहते थे और उनकी मां उनकी गोद में बैठती थीं। उस समय उन्हें यह सब सामान्य लगता था, लेकिन बड़े होने के बाद जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे, तब उन्हें एहसास हुआ कि दूसरे परिवारों में माता-पिता सार्वजनिक रूप से इस तरह अपना प्यार जाहिर नहीं करते।

राहुल गांधी के इस बयान के सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने उनकी आलोचना की थी और राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई थी।

हिमंत बिस्वा सरमा ने भी साधा था निशाना

इस विवाद के बीच असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा था। उन्होंने सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए कहा था, ‘माफ कीजिए मैडम, वह आपके जीवन के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा पाए।’

राहुल गांधी के भाषण का वीडियो साझा करते हुए सरमा ने X पर लिखा कि देश को यह बात बहुत पहले ही समझ आ गई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उम्मीद है अब सोनिया गांधी भी इसे समझ जाएंगी। इस प्रोडक्ट को बार-बार लॉन्च या री-लॉन्च करने का कोई फायदा नहीं है।

Leave a Reply