एनसीसी कमान अधिकारी कर्नल श्वेता शर्मा ने किया विद्यालयों की यूनिटों का निरीक्षण
कैडेट्स से संवाद कर बढ़ाया उत्साह, एमपीएम इंटर कॉलेज शिमलाना में नई एनसीसी यूनिट स्थापित करने की संभावनाएं भी परखीं
सहारनपुर। 83 यूपी बटालियन एनसीसी सहारनपुर की कमान अधिकारी कर्नल श्वेता शर्मा ने बटालियन के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्यालयों की एनसीसी यूनिटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भायला इंटर कॉलेज भायला और बीएनडी इंटर कॉलेज जड़ौदापांडा पहुंचकर एनसीसी की गतिविधियों और कैडेट्स के प्रशिक्षण का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कर्नल श्वेता शर्मा ने कैडेट्स के परेड एवं प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया और बालक-बालिका कैडेट्स से सीधे संवाद कर उनके प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही एएनओ को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
कर्नल श्वेता शर्मा ने कैडेट्स को एनसीसी प्रमाणपत्रों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को भविष्य में सेना में सेवाएं देने के साथ ही जिम्मेदार और योग्य नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।
इसके बाद कमान अधिकारी ने एमपीएम इंटर कॉलेज शिमलाना का दौरा किया। यहां नई एनसीसी यूनिट स्थापित करने के उद्देश्य से उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, विभिन्न यूनिटों के सहयोगी एनसीसी अधिकारी, पूर्व एनसीसी अधिकारी सुशील कुमार त्यागी, लेफ्टिनेंट आशीष कुमार, राजेंद्र रावत सहित विभिन्न विद्यालयों के बालक एवं बालिका कैडेट्स मौजूद रहे।
