क्वाड बैठक में ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- ‘वे सख्त इंसान और महान नेता हैं’

क्वाड बैठक में ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- ‘वे सख्त इंसान और महान नेता हैं’

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और क्वाड के अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ मुलाकात की। इस बैठक में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी शामिल हुए। क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान सभी शीर्ष नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया और आधिकारिक फोटो सेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें अपना दोस्त तथा महान नेता बताया।

ट्रंप बोले- मोदी सख्त इंसान और महान नेता हैं

क्वाड बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि मोदी एक सख्त इंसान हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना अच्छा दोस्त और महान नेता बताया, जिनका पूरी दुनिया में सम्मान है।

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने भी दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी और ट्रंप की अक्सर बातचीत होती रहती है और उनका फोन हमेशा खुला रहता है।

इस मुलाकात में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, आर्थिक सुरक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

क्वाड को भारत ने बताया भरोसेमंद साझेदारी

प्रधानमंत्री मोदी ने क्वाड बैठक में कहा कि भारत के लिए क्वाड एक भरोसेमंद साझेदारी है। चारों देश समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, आपदा के समय राहत पहुंचाने और नई तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में चारों देशों का प्रयास विश्वसनीय समाधान तैयार करना है, ताकि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सहयोग को बढ़ावा मिल सके।

इससे पहले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा में नहीं, बल्कि आपसी सहयोग में निहित है।

मनीला से है क्वाड का पुराना नाता

प्रधानमंत्री मोदी ने क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक में मनीला और क्वाड के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली मुलाकात इसी शहर में हुई थी। इसके बाद 2017 में मनीला में ही चारों देशों के बीच बातचीत का सिलसिला दोबारा शुरू हुआ।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मुलाकात कर चुके हैं। यह क्वाड के प्रति उनकी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply