यूपी चुनाव के लिए BJP का शंखनाद, पंकज चौधरी बोले- ‘राधे-राधे कमल खिला दे’, नेताओं को दी सख्त चेतावनी
मथुरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मथुरा में आयोजित पार्टी की कोर ग्रुप बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कान्हा की नगरी से ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का नारा देते हुए तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया।
पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चार जातियों वाले विजन का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी महिला, युवा, किसान और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता देकर काम करेगी।
पंकज चौधरी ने नेताओं को दी सख्त चेतावनी
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के नेताओं और जिम्मेदार पदों पर बैठे पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कोई भी नेता पार्टी के हितों के खिलाफ काम न करे। इस समय किसी की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में कुछ नेताओं ने मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह मथुरा में भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
सीएम योगी ने गिनाए सरकार के काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल और मौजूदा सरकार के कामकाज के बीच अंतर भी जनता को बताने का निर्देश दिया।
नितिन नवीन ने जीत की रणनीति बनाने पर दिया जोर
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक में मौजूद नेताओं को चुनाव की पूरी तैयारी और योजना के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी नेता आपसी तालमेल के साथ चुनाव में जीत की रणनीति तैयार करें।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में हुई इस कोर ग्रुप बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन किया।
