जनसुनवाई में आईं 10 शिकायतें, चार का मौके पर निस्तारण
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेड़ों की छंटाई से संबंधित दस समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए सफाई से संबंधित चार समस्याओं का तत्काल निस्तारण करा दिया। वहीं, शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वार्ड संख्या 20 के प्रकाश प्लाजा निवासी प्रमोद सैनी ने प्रकाश प्लाजा के निकट सफाई कराने, वार्ड 33 के रोहित विहार निवासी यशवीर सिंह ने शंकर इंटर कॉलेज के पास, वार्ड 63 की राजपूत कॉलोनी निवासी नसीब खां ने कॉलोनी के निकट तथा वार्ड 67 के महफूज गार्डन निवासी सुरैया ने क्षेत्र में साफ-सफाई कराने की मांग की थी। अपर नगरायुक्त ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों और सफाई मित्रों को मौके पर भेजकर सफाई कार्य कराया और चारों शिकायतों का तत्काल समाधान करा दिया।
इसके अलावा वार्ड 21 के कपिल विहार निवासी अनमोल ने बर्फ फैक्ट्री वाली गली में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा वार्ड 66 की नदीम कॉलोनी निवासी कमल इकबाल ने मेला गुघाल क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की। इस पर पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं, वार्ड 52 के मंगल नगर निवासी प्रवीर मोहन, वार्ड 55 के कोर्ट रोड निवासी राकेश कुमार और इसी वार्ड के चंद्र नगर निवासी ओमप्रकाश ने क्षेत्र में पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। अपर नगरायुक्त ने उद्यान अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
