ठेकेदार की लापरवाही से बिजलीघर का रास्ता बना मुसीबत, एक महीने से कीचड़ में गुजर रहे बच्चे
छुटमलपुर। नगर पंचायत क्षेत्र के फतेहपुर में ठेकेदार की लापरवाही के चलते बिजलीघर जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले करीब एक महीने से बदहाल पड़ा है। शाकुंभरी देवी रोड से बिजलीघर तक जाने वाले इस मार्ग की खुदाई के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। रास्ते पर मिट्टी के ढेर और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग लिटिल चिल्ड्रन फन प्ले स्कूल, विश्वकर्मा धर्मशाला, ईदगाह और कमालपुर गांव के कब्रिस्तान को जोड़ता है। कस्बे के कमालपुर रोड पर जाम लगने की स्थिति में यही एकमात्र वैकल्पिक रास्ता है। इसके बावजूद करीब एक महीने से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों को रोजाना गंदे कीचड़ और निर्माण सामग्री के मलबे से होकर गुजरना पड़ता है। रास्ते की बदहाल स्थिति के चलते हर समय दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
शिकायत लेकर नगर पंचायत पहुंचे स्कूली बच्चे, नहीं मिले अधिकारी
मंगलवार को लिटिल चिल्ड्रन फन प्ले स्कूल के बच्चे अपनी समस्या को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र देना चाहा। हालांकि, वहां न तो अधिशासी अधिकारी (ईओ) मौजूद मिले और न ही चेयरमैन से मुलाकात हो सकी।
नगर पंचायत मस्त, लोग त्रस्त
क्षेत्रवासियों और स्कूल प्रबंधन ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास के दावे करने वाली नगर पंचायत इस गंभीर समस्या पर मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने बिजलीघर के इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी से निजात मिल सके।
