सच्ची धार्मिकता और सत्संग के बिना विवेक संभव नहीं: आत्मानुभवी महाराज

सच्ची धार्मिकता और सत्संग के बिना विवेक संभव नहीं: आत्मानुभवी महाराज

रामपुर मनिहारान। क्षेत्र के गांव जन्धेड़ा समसपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में प्रसिद्ध भागवताचार्य आत्मानुभवी महाराज ने श्रद्धालुओं को सत्संग और विवेक का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सत्संग के बिना विवेक संभव नहीं है और विवेक के अभाव में मनुष्य अपने जीवन को सही दिशा नहीं दे सकता।

महाराज ने कहा कि सत्संग के माध्यम से ही मनुष्य सही और गलत के बीच अंतर समझ पाता है। सत्संग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है और अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि विवेकहीन व्यक्ति चाहे कितना भी धनवान, उच्च पदाधिकारी या शिक्षित क्यों न हो, वह लंबे समय तक जीवन में स्थिर नहीं रह सकता। इसके विपरीत विवेकवान व्यक्ति किसी भी कार्य को करने से पहले उसके अच्छे-बुरे, पाप-पुण्य, लाभ-हानि और परिणामों पर विचार करता है। इसके बाद वह सत्कर्मों की ओर अग्रसर होता है।

आत्मानुभवी महाराज ने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव और अज्ञानता के कारण भारतीय समाज में धार्मिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है। इसे दूर करने और भारतीय संस्कृति के विशुद्ध आदर्शों की रक्षा के लिए सभी को संकल्पबद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतवासियों की प्रतिभा ईश्वर भक्ति और राष्ट्रभक्ति में निहित है। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति को विश्व में महान स्थान प्राप्त है।

इस अवसर पर पंडित जय भगवान शर्मा, चंद्रपाल सिंह चौधरी, शिशुपाल, दिनेश शर्मा, सतीश शर्मा, परीक्षित, अंकुर, प्रद्युम्न शर्मा, सुनीता, नीरू, नम्रता, ममता, मीना और संगीता सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply