मोबाइल की बढ़ती लत से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर खतरा, चिड़चिड़ापन और नींद की समस्या बढ़ी

मोबाइल की बढ़ती लत से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर खतरा, चिड़चिड़ापन और नींद की समस्या बढ़ी

सहारनपुर। बच्चों में मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल ने उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया और वीडियो देखने की आदत बच्चों को घंटों स्क्रीन से बांधे रखती है। मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता के कारण बच्चों में चिड़चिड़ापन, बेचैनी, एकाग्रता की कमी, नींद में परेशानी और अकेले रहने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों के व्यवहार और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

कुछ बच्चों में मोबाइल की लत इतनी बढ़ जाती है कि फोन न मिलने पर वे गुस्सा करने लगते हैं और बेचैनी महसूस करते हैं। धीरे-धीरे उनकी दूसरे कामों में रुचि कम होने लगती है। लगातार ऑनलाइन गेम और डिजिटल मनोरंजन में व्यस्त रहने से बच्चों का सामाजिक मेलजोल भी प्रभावित होता है।

जिला अस्पताल में कार्यरत मनोरोग चिकित्सक डॉ. इंदु रानी का कहना है कि मोबाइल देखते समय मस्तिष्क में डोपामिन रिलीज होता है, जिससे बच्चों को अच्छा महसूस होता है। यही वजह है कि वे बाहरी वातावरण और दूसरी गतिविधियों से दूर होकर मोबाइल की दुनिया में खोने लगते हैं।

उन्होंने बताया कि मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता से बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लगना, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी, व्यवहार में बदलाव, चिड़चिड़ापन और नींद की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यदि ये परेशानियां लगातार बनी रहती हैं तो मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है।

बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के लिए अभिभावक भी करें पहल

डॉ. इंदु रानी ने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत से बचाने के लिए अभिभावकों को उनकी दिनचर्या में खेलकूद, पढ़ाई, रचनात्मक गतिविधियों और परिवार के साथ बातचीत के लिए समय निर्धारित करना चाहिए। बच्चों को आउटडोर खेलों के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, ताकि वे मोबाइल के बजाय शारीरिक गतिविधियों में रुचि लें।

उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे खुद भी बच्चों के सामने मोबाइल का कम से कम इस्तेमाल करें और उनके लिए उदाहरण पेश करें। बच्चों के व्यवहार में लगातार बदलाव दिखाई देने पर बाल मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक से सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए।

Leave a Reply