गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग, किसानों ने कलेक्ट्रेट में उठाईं समस्याएं
सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने और गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल की अध्यक्षता और जिला मंत्री संतोष चौधरी के संचालन में हुई बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। किसानों ने मांग की कि चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान तत्काल कराया जाए और गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। इसके साथ ही सहकारी समितियों में किसानों को मिलने वाले चार प्रतिशत ब्याज का लाभ दोबारा शुरू करने की मांग की गई।
बैठक में जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर गेहूं के बीज और कृषि दवाइयां बेचे जाने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा गांवों में क्षतिग्रस्त सीसी सड़कों की मरम्मत, श्मशान घाट तक रास्ते की व्यवस्था और सिंचाई के लिए नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग रखी गई।
किसानों ने तहसील रामपुर मनिहारान के गांव बिज्जीपुर में जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाते हुए बताया कि गांव के करीब 15 से 20 घरों में पानी भर जाता है। उन्होंने जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नाले का निर्माण कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाना चाहिए।
बैठक में जगपाल, शेरपाल सिंह, कुलबीर सिंह, बेबी राणा, सतीश चौधरी, राजू चौधरी और चंद्रपाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
