‘अयोध्या के बाद मथुरा की बारी’ बयान पर अशोक गहलोत का पलटवार, बोले- चुनाव आते ही उठते हैं ऐसे मुद्दे
जयपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के ‘अयोध्या के बाद मथुरा की बारी’ वाले बयान पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान कोई नई बात नहीं हैं। पिछले 30 साल से लोग ऐसी बातें सुनते आ रहे हैं। राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान भी इस तरह के बयान दिए जाते थे और बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद भी यह सिलसिला जारी रहा। गहलोत ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही इस तरह के मुद्दे उठाए जाने लगते हैं।
कांग्रेस में नए पद की चर्चाओं पर क्या बोले गहलोत?
कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर अशोक गहलोत ने कहा कि वह पिछले तीन साल से इस तरह की बातें सुन रहे हैं। न तो वह दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हैं और न ही जयपुर में किसी पद को लेकर कोई चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मीडिया का उनके प्रति काफी प्रेम है, इसलिए समय-समय पर उनके नए पद को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं।
गहलोत ने स्पष्ट किया कि उनकी दिली इच्छा राजस्थान की जनता की सेवा करने की है। वह किसी पद पर रहें या नहीं, राजस्थान से दूर नहीं हैं और आगे भी प्रदेश के लोगों के लिए काम करते रहेंगे।
कांग्रेस हाईकमान का फैसला सर्वोपरि
पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान का फैसला हमेशा उनके लिए सर्वोपरि रहा है। पार्टी ने 55 साल तक उन पर भरोसा जताया और अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ऐसे में भविष्य में जहां भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाने से पीछे नहीं हटेंगे। उनके लिए पार्टी का हित सबसे ऊपर है।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की सेवा करने का मतलब देश की सेवा करना और लोकतंत्र को बचाने के लिए काम करना है।
सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी पर निशाना
सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन को उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखे जाने पर भी गहलोत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता हर चीज को अपने राजनीतिक नजरिए से देखते हैं। सोनिया गांधी का पुस्तक लिखने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय था।
गहलोत के मुताबिक, लंबे समय से सोनिया गांधी के बारे में कई तरह की बातें कही जा रही थीं। ऐसे में उन्होंने अपनी पुस्तक के माध्यम से अपने अनुभव और विचार साझा किए हैं। इसका चुनाव पर कितना असर पड़ेगा, यह उनके दिमाग में नहीं है। इस तरह की बातें बीजेपी के नेता सोचते होंगे।
पुस्तक में राजस्थान का सीमित जिक्र होने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि इसमें उनके नाम से कोई अलग अध्याय नहीं है। सोनिया गांधी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया है कि वह राजीव गांधी के दौरों के समय से उन्हें जानती थीं। बाद में वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री बने।
जल जीवन मिशन पर भजनलाल सरकार को घेरा
अशोक गहलोत ने राजस्थान में जल जीवन मिशन की प्रगति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 45 लाख कनेक्शन देने का वादा पूरा नहीं कर पाई है।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने बजट फाइल्स के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया है। सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन उसे जल जीवन मिशन की प्रगति पर जवाब देना चाहिए।
