नेहा बोरा का धामी सरकार पर हमला, अंकिता भंडारी केस से लेकर SIR तक उठाए सवाल
देहरादून। AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा ने उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंगलवार (17 नवंबर) को देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य में विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए।
नेहा बोरा ने कहा कि उत्तराखंड के आम लोग इस समय कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए लोगों ने लंबा संघर्ष किया और बेहतर भविष्य का सपना देखा था, आज वहां के हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने पर्यावरण की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पूरे-पूरे गांव धंस रहे हैं। बादल फटने और भारी बारिश की घटनाओं में गांव बह जाते हैं, लेकिन सरकार के पास पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस जवाब नहीं है।
उत्तराखंड में नफरत के माहौल का लगाया आरोप
नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड को देशभर में फैल रहे नफरत के माहौल में धकेलने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस नफरत का निशाना मुस्लिम और दलित समुदाय बन रहे हैं। इन समुदायों के खिलाफ हिंसा और हत्याओं को सामान्य घटना के रूप में पेश करने का प्रयास किया जा रहा है।
अंकिता भंडारी केस को लेकर सरकार पर निशाना
महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए नेहा बोरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग लंबे समय से अंकिता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। उनका परिवार भी लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। नेहा ने आरोप लगाया कि मामले में सबूत सामने आने और न्याय की मांग के बावजूद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां दी जा रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष से जुड़े लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाने का दुस्साहस कर रहे हैं।
SIR के जरिए वोटिंग के अधिकार से वंचित करने का आरोप
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाते हुए नेहा बोरा ने कहा कि पूरे देश के साथ अब उत्तराखंड में भी लाखों आम नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन इलाकों में भाजपा को कम समर्थन मिलने की आशंका है, वहां लोगों को उनके मतदाता अधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
नेहा बोरा ने कहा कि आगामी चुनावों में धांधली की आशंका के बीच SIR को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए आम लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
