ऑपरेशन सवेरा-2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई: 1.5 करोड़ का डोडा पोस्ट बरामद, शातिर तस्कर गिरफ्तार
- सहारनपुर में सरसावा पुलिस द्वारा दबोचा गया शातिर नशा तस्कर एवं जानकारी देते एसपी देहात।
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने डीआईजी अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा-2.0 अभियान के तहत नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 कुन्तल 22 किलोग्राम डोडा पोस्ट बरामद कर लिया जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के अंतर्गत जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को थाना सरसावा क्षेत्र में एक खेत में बने कमरे से पहले ही 4 कुन्तल 20 किलोग्राम डोडा पोस्ट बरामद हुआ था, जिसके संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी कड़ी में 23 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नकुड़ रोड स्थित एक बंद भट्टे के पास से हरवीर पुत्र धीरज सिंह, निवासी ग्राम शेखपुरा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6 कुन्तल 02 किलोग्राम डोडा पोस्ट बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने पुत्र और अन्य साथियों के साथ मिलकर डोडा पोस्ट की खरीद-फरोख्त करता था। गांव में किराये पर ली गई जमीन पर बने कमरे में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा जाता था और अलग-अलग स्थानों पर भी स्टॉक रखा जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरसावा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक) की जांच भी की जा रही है।
