स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर चला विशेष अभियान, नियमों के पालन के दिए निर्देश
- सहारनपुर में स्कूली बस की जांच करती यातायात पुलिस।
सहारनपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर सघन जांच करते हुए स्कूली वाहन चालकों एवं संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने इस दौरान सभी विद्यालय संचालकों को अपने वाहनों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण से वाहनों की निगरानी, सुरक्षा मानकों का अनुपालन तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना आसान हो जाता है। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, वाहन की फिटनेस दुरुस्त रखने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य रूप से बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक यातायात ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
