नकुड़ के झारखंडी हनुमान मंदिर में प्रतिमा के सामने अंडे रखने का आरोप, हिंदू संगठनों में रोष, आरोपी हिरासत में

नकुड़ के झारखंडी हनुमान मंदिर में प्रतिमा के सामने अंडे रखने का आरोप, हिंदू संगठनों में रोष, आरोपी हिरासत में

मंदिर में अंडे रखकर माहौल बिगाड़ने के प्रयास का आरोप, विहिप पदाधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर, सख्त कार्रवाई की मांग

नकुड़ (सहारनपुर), 14 अक्टूबर। नगर के प्राचीन झारखंडी हनुमान मंदिर में एक युवक द्वारा कथित तौर पर हनुमान जी की प्रतिमा के सामने पॉलिथीन में अंडे रखे जाने का मामला सामने आने से हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में नाराज लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

नगर के मोहल्ला चौधरियान स्थित प्राचीन झारखंडी हनुमान मंदिर के पुजारी गौरव शर्मा के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचा। आरोप है कि युवक ने अपने साथ लाई पॉलिथीन में रखे अंडे हनुमान जी की प्रतिमा के सामने रख दिए। इस दौरान पुजारी की मां ने युवक को ऐसा करने से रोका तो वह मौके से भाग निकला।

पुजारी ने घटना की जानकारी तत्काल मंदिर समिति के पदाधिकारियों को दी। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत में आरोपी की पहचान इंतजार पुत्र सईद के रूप में बताई गई है।

विहिप पदाधिकारियों के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे नाराज लोग

घटना की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद की प्रांतीय सह संयोजिका अंजू त्यागी और विहिप नगर अध्यक्ष सुधीर मित्तल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के विरुद्ध लिखित तहरीर दी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

अंजू त्यागी ने आरोप लगाया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में इस तरह की हरकत कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस दौरान सभासद विपिन पाल, अंकित पाल, अगम त्यागी, संतोष शर्मा, उषा शर्मा, गौरव शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply