मां शाकंभरी देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंज रहीं शिवालिक की पहाड़ियां
शारदीय नवरात्र मेले में दर्शन के लिए पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु, डीएम अरविंद कुमार चौहान स्वयं कर रहे व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग; 8 सुपर जोनल और 18 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात
सहारनपुर, 14 अक्टूबर। शिवालिक की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित विश्वविख्यात सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। माता के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मां शाकंभरी के जयकारों से समूचा मंदिर परिसर गुंजायमान है। श्रद्धालु घंटों लंबी कतारों में लगकर मां भवानी के दरबार में शीश नवा रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान स्वयं मेले की व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
26 अक्टूबर तक चलेगा मेला, मजिस्ट्रेटों की शिफ्टवार ड्यूटी
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी का मेला 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं।
उप जिलाधिकारी बेहट को मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जो मेले की समस्त व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त 8 सुपर जोनल और 18 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मेला अवधि के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
कोई पैदल तो कोई लेटकर पहुंच रहा मां के दरबार
51 सिद्धपीठों में से एक मानी जाने वाली मां शाकंभरी देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था मेले में साफ दिखाई दे रही है। बड़ी संख्या में भक्त निजी वाहनों से मंदिर पहुंच रहे हैं, जबकि अनेक श्रद्धालु पैदल यात्रा कर माता के दर्शन करने आ रहे हैं। कुछ श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं को लेकर लेट-लेटकर मां के भवन तक पहुंच रहे हैं।
परंपरा के अनुसार श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन से पहले बाबा भूरादेव मंदिर में मत्था टेककर प्रसाद अर्पित कर रहे हैं। इसके बाद माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की प्रार्थना कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात
मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशन में एडीएम प्रशासन, एसडीएम, जिला पंचायत और मंदिर व्यवस्थापक लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालु भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक मेले का आयोजन पूरी भव्यता, शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो।
