पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचा एक शातिर बदमाश
- सहारनपुर में सरसावा पुलिस द्वारा मुठभेड़ में घायलावस्था में दबोचा गया वांछित बदमाश।
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी एवं लूट के मुकदमे में वांछित एक बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलाह व चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सरसावा पुलिस देर रात्रि बोन्सा पुलिया से ग्राम बिड़वी को जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों/ वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति बिड़वी ग्राम की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को टार्च दिखाकर रूकने का इशारा किया तो वह वापस बिड़वी की ओर भागने लगा। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल व्यक्ति का पीछा किया तो वह बोन्सा पुलिया से बिड़वी जाने वाले रास्ते की ओर कच्ची चकरोड़ पर भागने लगा। कुछ दूरी पर जारी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। तभी बदमाश मोटरसाइकिल सवार बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता हुआ जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश की पहचान कुलदीप पुत्र मदन निवासी ग्राम छापुर थाना सरसावा के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दबोचा गया बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में लगभग 12 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।
