होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
- सहारनपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्र पर तैयारियों का जायजा लेते डीएम व एसएसपी।
सहारनपुर। जनपद में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अशोक कुमार चैहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिन्नद द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें तथा परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
