दिल्लीः तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर से नीचे गिरी, दो युवक गंभीर रूप से घायल

दिल्लीः तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर से नीचे गिरी, दो युवक गंभीर रूप से घायल

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर दिखा। तेज रफ्तार होंडा सिटी कार एलिवेटेड रोड फ्लाईओवर से नीचे आ गिरी। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी आउटर रिंग रोड इलाके का है, जहां अचानक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार जंपकर फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर गई।

असल में, पश्चिमी दिल्ली के विकास पूरी इलाके में गुरुवार रात तेज रफ्तार के चलते एलिवेटेड रोड फ्लाईओवर से एक होंडा सिटी कार नीचे आ गिरी। बताया जा रहा है कि पहले इस कार ने एक दूसरी कार को पीछे से टक्कर मारी जिसके बाद वो असंतुलित होकर नीचे आ गिरी।

होंडा सिटी कार में दो युवक सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन दोनों घायलों को दीनदयाल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे