गागलहेड़ी रामलीला में दशरथ मरण और केवट लीला का भावपूर्ण मंचन, दर्शकों की आंखें हुईं नम

गागलहेड़ी रामलीला में दशरथ मरण और केवट लीला का भावपूर्ण मंचन, दर्शकों की आंखें हुईं नम
गागलहेड़ी में श्रीरामलीला के दौरान दशरथ मरण और केवट लीला का मंचन करते कलाकार।

सूरज धीमान के मार्मिक अभिनय ने किया भावविभोर, सुशांत सहगल ने केवट बनकर दर्शकों को खूब हंसाया

गागलहेड़ी (सहारनपुर)। कस्बे में आयोजित श्रीरामलीला में सोमवार रात दशरथ मरण और केवट लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से जहां राजा दशरथ के पुत्र वियोग का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत कर दर्शकों की आंखें नम कर दीं, वहीं केवट लीला के हास्यपूर्ण प्रसंगों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। सब्जी मंडी के निकट स्थित मंच पर देर रात तक दर्शक रामलीला के मंचन का आनंद लेते रहे।

पुत्र वियोग में दशरथ के प्राण त्यागने का दृश्य देख भावुक हुए दर्शक

निर्देशक राजेश कपिल और सूरज धीमान के निर्देशन में दशरथ मरण लीला का मंचन किया गया। राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे वरिष्ठ कलाकार सूरज धीमान ने अपने सजीव और मार्मिक अभिनय से पुत्र वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने के दृश्य को प्रभावशाली बना दिया। उनके अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और रामायण के इस प्रसंग की करुणा को जीवंत कर दिया।

केवट लीला में हास्य के रंग, दर्शकों ने उठाया आनंद

दशरथ मरण लीला के बाद केवट लीला का मंचन किया गया। केवट की भूमिका में सुशांत सहगल ने शानदार अभिनय किया, जबकि उनके चेलों की भूमिका निभा रहे रोहित बिल्डर और आर्यन ने हास्य का तड़का लगाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने के प्रसंग को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। मंचन के दौरान केवट ने सवारी कम होने का बहाना बनाकर समिति के सदस्यों से पैसे लेने का हास्यपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया, जिस पर दर्शक खूब हंसे।

आयोजन में समिति के सदस्यों का रहा सहयोग

रामलीला के मंचन में संगीत व्यवस्था बूटा राम और विकास अग्रवाल ने संभाली, जबकि प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी काका और सुधीर ने निभाई।

आयोजन को सफल बनाने में संयोजक अरविंद गुप्ता, समिति अध्यक्ष महेंद्र धीमान, अश्वनी मित्तल, मुकेश गोयल बड़ूली, प्रवीण कश्यप, मुकुल पाल एडवोकेट, राजेश सैनी, बिजेंद्र यादव, सुरेंद्र कश्यप, कुलदीप कश्यप, रोहित गुप्ता, हिमांशु और मोंटू शर्मा सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।

Leave a Reply