नाट्य एकेडमी की नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा, शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

नाट्य एकेडमी की नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा, शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

चार अलग-अलग वर्गों में आयोजित हुआ फाइनल, विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

सहारनपुर। नाट्य एकेडमी की ओर से रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में नृत्य प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने चार अलग-अलग वर्गों में हिस्सा लेकर अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रतियोगिता में चयनित विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, आचार्य प्रतिष्ठा शर्मा, भाजपा नेता मनीष अरोड़ा, संजय अग्रवाल सर्राफ, नाट्य एकेडमी अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कुलदीप धमीजा, रंजन गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजिका सुषमा बजाज ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल की छात्राओं ने मां सरस्वती एवं गणेश वंदना प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।

इसके बाद शुरू हुई प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, मेहनत और शानदार मंच प्रदर्शन से निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। शाम तक चले आयोजन में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

नाट्य एकेडमी के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले 31 वर्षों से लगातार इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। वहीं, सचिव संजय गुप्ता ने बताया कि वर्ष 1979 में स्थापित नाट्य एकेडमी के माध्यम से अब तक अनेक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। संस्था से जुड़े कई कलाकारों ने नाटकों में अभिनय किया और आगे चलकर मुंबई सहित विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष नीरज जैन, सलाहकार रंजन गुप्ता, सारंग जोशी, जयदीप जैन, नीना ढींगरा, योगेश पंवार, अनिल मालियन, राकेश शर्मा, हरिओम बंसल, बलदेव कुमार, सत्यपाल प्रजापति, पीएन मधुकर, धुरेंद्र देव शर्मा, आदित्य शर्मा एवं अजय कुमार सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन गंगोह के आदित्य शर्मा एवं राकेश शर्मा ने किया।