नानौता में धूमधाम से मनाया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, गुरबाणी से भक्तिमय हुआ माहौल
गुरुद्वारा सिंह सभा में शब्द कीर्तन और पाठ का आयोजन, नगर में निकाली गई प्रभात फेरी, अटूट लंगर में संगत ने ग्रहण किया प्रसाद
नानौता (सहारनपुर)। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में शब्द कीर्तन एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ का आयोजन किया गया। वहीं, नगर के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसका जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मोहल्ला सरावज्ञान स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से अरदास के बाद प्रभात फेरी के साथ हुआ। प्रभात फेरी नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। इस दौरान गुरबाणी के मधुर शब्दों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं का स्मरण किया।
गुरुद्वारा परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में ज्ञानी हरविंदर सिंह ने गुरबाणी के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके उपदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगत से गुरु जी के बताए मार्ग पर चलते हुए ‘नाम जपो, कीरत करो’ के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ और शब्द कीर्तन के उपरांत गुरुद्वारा परिसर में अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के प्रधान सरदार भूपेन्दर सिंह खालसा ने सभी संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी।
इस अवसर पर सरदार अरविंदर सिंह काका, इन्द्रजीत सिंह, अमन सिंह, अशोक तागरा, मनप्रीत सिंह खालसा, दलजीत कौर, रजविंदर कौर, कंवलजीत कौर, हरप्रीत कौर, मुख्तयार सिंह, राजकुमार कालड़ा, गगन कालड़ा, कुलजीत कौर, कुलजोत सिंह रमन, अमरदीप सिंह गिफ्टी, सोनू अरोड़ा, दीपक चाबा और अमनदीप कालड़ा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
