ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार वनकर्मी की दर्दनाक मौत
सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी के कारण फिसली बाइक, ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से गई जान
बिहारीगढ़। मुजफ्फराबाद-अब्दुल्लापुर मार्ग पर शेख्खुपुर गांव के निकट बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 53 वर्षीय वनकर्मी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी के कारण बाइक फिसल गई और इसी दौरान वह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही बिहारीगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बिहारीगढ़ थाने के हल्का दरोगा हवन सिंह चीमा ने बताया कि मृतक की पहचान मुनीर पुत्र मुस्ताक निवासी गांव अब्दुल्लापुर के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे मुनीर बाइक से अपने गांव से मुजफ्फराबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान शेख्खुपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मुनीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने बताया कि मृतक उत्तराखंड वन विभाग में कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
उधर, हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर फैली चिकनी मिट्टी को लेकर भी नाराजगी जताई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस मार्ग पर ईंट भट्टों में इस्तेमाल होने वाली चिकनी मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से गिरती रहती है। इसके बाद सड़क पर पानी का छिड़काव होने से फिसलन और बढ़ जाती है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर मिट्टी फैलने के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क पर मिट्टी फैलाने वाले ईंट भट्टा संचालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
