खादी महोत्सव में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित, मलखंभ के करतबों ने मोहा मन

खादी महोत्सव में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित, मलखंभ के करतबों ने मोहा मन

सहारनपुर, 26 नवंबर। कंपनी बाग में आयोजित सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 में बुधवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के तत्वावधान में उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों ने खादी एवं ग्रामोद्योग को एमएसएमई क्षेत्र से जोड़ने और प्रदर्शनी को और अधिक भव्य बनाने पर जोर दिया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मलखंभ का शानदार प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज और सोफिया इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, सचिव अनुज कुमार जैन, कोषाध्यक्ष एसएम कालरा, शिवम गोयल, कृष्ण राजीव सिंघल और एएसआई के कन्वेनर एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद आलम सहित अनेक उद्यमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

आईआईए अध्यक्ष ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से प्रकृति की गोद में आयोजित यह प्रदर्शनी सराहनीय पहल है। उन्होंने विभाग से आईआईए को भी सहयोगी के रूप में जोड़ने का अनुरोध किया, ताकि एमएसएमई इकाइयों की भागीदारी बढ़ाकर प्रदर्शनी को और भव्य बनाया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने उद्यमियों और स्टॉल संचालकों को खादी के साथ नवाचार को जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों से आए ग्रामोद्योगी उद्यमियों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां आयुर्वेदिक दवाइयां, अचार-मुरब्बे, सूती वस्त्र, सजावटी लकड़ी के सामान, सिल्क की साड़ियां, कश्मीरी शॉल, शुद्ध शहद और कालीन सहित अनेक उत्पाद उपलब्ध हैं। उत्तरकाशी के नौगांव से आए बद्री विशाल वूलन गारमेंट्स के खादी वस्त्र, जम्मू-कश्मीर के आरके हैंडीक्राफ्ट के गर्म शॉल और महिला सूट तथा भदोही की कालीनों को भी खूब पसंद किया जा रहा है।

महोत्सव के तहत आर्यवृत्त खेल महासंघ, जहांगीरपुरी (दिल्ली) के बाल खिलाड़ियों ने मलखंभ का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खंभे पर योग के विभिन्न आसनों और हैरतअंगेज खेल मुद्राओं का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और अन्य दर्शकों ने करतबों का खूब आनंद लिया।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से कंपनी बाग में 20 से 29 नवंबर तक सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं।

Leave a Reply